![]()

रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दकी
निचलौल। थाना क्षेत्र के सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग अन्तर्गग निचलौल वन रेंज क्षेत्र के गेडहवा गांव के पास सोमवार को टेल फॉल नहर में मछली पकड़ रहे एक युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। उसके बाद मगरमच्छ ने युवक को गहरे पानी में खींच ले गया। घटना के बाद उसके साथ मछली पकड़ रहे लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस, एसएसबी और एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। फिर संयुक्त टीम लापता व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी। काफी देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के मुताबिक लापता व्यक्ति की पहचान गेडहवा गांव निवासी छांगुर उर्फ छविलाल (36) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार को छांगुर अपने भाई झन्नू, पड़ोसी उमेश समेत कुछ अन्य लोगों के साथ नाव से टेल फॉल नहर में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान छांगुर नाव से पानी में उतरे। जहां पानी में पहले से घात लगाए मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें गहरे पानी में खींच ले गया।
घटना के बाद साथ में मौजूद लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जानकारी मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बाद में एसएसबी और एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। टीमें ग्रामीणों की मदद से नहर में लापता छांगुर की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद छांगुर की पत्नी माया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी बेटियां प्रीति (8), सलोनी (6), संगीता (3) और दो वर्षीय पुत्र प्रियांशु भी पिता के इंतजार में बिलखते रहे। परिजनों की चीख-पुकार से गांव का माहौल गमगीन हो गया है।
इस संबंध में निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। वनकर्मियों की टीम मौके पर मौजूद है और लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि शव मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि व्यक्ति को मगरमच्छ ने खींचा था या उसके साथ कोई अन्य अनहोनी हुई है। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। लापता व्यक्ति की तलाश कराई जा रही है।


