![]()

Maharajganj khabar live
निचलौल। नगर स्थित सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को दशहरा का पावन पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नवदुर्गा की पूजा-अर्चना और बच्चों की मनमोहक गरबा प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो उठा। पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के सचिव आनंद कुमार त्रिपाठी ने मां नवदुर्गा की पूजा-अर्चना कर किया। इसके बाद ‘जय अम्बे गौरी’ की आरती के साथ उत्सव का आगाज हुआ। मां दुर्गा की आराधना के पश्चात बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी शानदार प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, संस्कृति और उल्लास का सुंदर संगम देखने को मिला। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका प्रजिला मनु, जया भट्ट और व्यायाम शिक्षक दुर्गेश चौरसिया का विशेष योगदान रहा। विद्यालय के कोऑर्डिनेटर प्रदीप कुमार पांडेय ने कार्यक्रम का संचालन किया। आयोजन के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और त्योहारों के महत्व से परिचित कराने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ए. ब्रिटो और प्रबंधक जीएन त्रिपाठी ने सभी विद्यार्थियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी उपस्थित रहे।


