![]()

Maharajganj khabar live
निचलौल। धार्मिक आयोजनों में दिन-रात जुटकर अपनी जिम्मेदारी निभाने वाली दुर्गा पूजा समितियों को सम्मान देकर नगर पंचायत निचलौल के चेयरमैन शिवनाथ मद्धेशिया ने महाअष्टमी पर एक नई पहल की। रविवार को चेयरमैन ने चेयरमैन प्रतिनिधि सुनील मद्धेशिया ‘मुन्ना’ के साथ नगर के विभिन्न वार्डों में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद पूजा समितियों के प्रमुख सदस्यों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। नगर पंचायत की ओर से पहली बार की गई इस पहल से आयोजकों में उत्साह देखने को मिला।
चेयरमैन की इस पहल को धार्मिक आयोजनों में योगदान देने वालों का मनोबल बढ़ाने और सामाजिक एकता को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नगर के मुख्य चौराहे स्थित वनदेवी स्थान से शुरू हुआ सम्मान का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। अलग-अलग पंडालों में पहुंचकर समितियों को सम्मानित करने के दौरान श्रद्धा, उल्लास और आत्मीयता का माहौल रहा। सम्मान पाकर आयोजकों ने प्रसन्नता जताते हुए नगर पंचायत की पहल की सराहना की।
चेयरमैन शिवनाथ मद्धेशिया ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। इस आयोजन को भव्य और व्यवस्थित स्वरूप देने में पूजा समितियों की अहम भूमिका होती है। समितियों के सदस्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहते हैं। उनके योगदान को सम्मानित करना गौरव की बात है। नगर पंचायत का प्रयास है कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहन मिले तथा नगर में आपसी भाईचारे, सहयोग और सौहार्द की भावना और मजबूत हो।
इस अवसर पर सभासद संजय पांडेय, अजीत यादव भोलू, जयसिंह यादव, आबिद अली, टैक्स लिपिक अवधेश कुमार, रवि वर्मा, मोहम्मद अनश, मुलायम यादव, नीतीश गुप्ता, हरिओम, मानवेंद्र यादव, पिंटू, छोटे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


