![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र में रविवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रेमी के जेल जाने के बाद एक युवती ने ऐसा कदम उठाया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रेमी को जेल से छुड़ाने की मांग लेकर युवती बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई। नीचे लोगों की भीड़ जुट गई, मौके पर पुलिस पहुंच गई, लेकिन युवती कई घंटों तक अपनी जिद पर अड़ी रही।
जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के कटका उर्फ करवतही गांव के सिवान में रविवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब उक्त गांव की ही रहने वाली एक युवती बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि युवती का थाना क्षेत्र के ही एक गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग है। युवक के जेल जाने के बाद युवती ने उसे छुड़ाने की मांग शुरू कर दी और इसी जिद में टावर पर जा चढ़ी। युवती को इतनी ऊंचाई पर देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी युवती को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश करते रहे, लेकिन युवती अपनी मांग पर कई घंटों तक अड़ी रही। एक तरफ युवती की जिद, तो दूसरी तरफ उसकी जान की सुरक्षा की चुनौती। मौके पर मौजूद पुलिस के सामने सबसे बड़ी प्राथमिकता युवती को बिना किसी नुकसान के नीचे उतारना था। इस पूरे घटनाक्रम के बीच राहत की बात यह रही है कि संबंधित बिजली टावर से अभी बिजली की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है। हालांकि, टावर की ऊंचाई से गिरने का खतरा बना हुआ था। ऐसे में जरा-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे की वजह बन सकती है। पुलिस युवती को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलने के तत्काल बाद मौके पर पुलिस कर्मियों की टीम पहुच गई। उसके बाद परिजनों के सहयोग से लड़की को काफी मशक्कत से नीचे उतार थाने लाया गया है। जहां पर बिजली टॉवर पर चढ़ी लड़की से पूछताछ की जा रही है।


