![]()

Maharajganj khabar live
निचलौल। भारत-नेपाल सीमा से सटे शीतलापुर खेसरहा गांव में सोमवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जन पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पाल समाज समेत पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के हितों को लेकर सपा की नीतियों को प्रमुखता से रखा। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय धनगर महासभा देवरिया के जिलाध्यक्ष विमलेश पाल धनगर रहे, जबकि अध्यक्षता पाल समाज के जिलाध्यक्ष डॉ. दूधनाथ धनगर ने की।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले सपा के सिसवा विधानसभा क्षेत्र से भावी उम्मीदवार गौरीशंकर गुप्ता उर्फ फौजी भईया के साथ मुख्य अतिथि सात-पांच नहर पुल पर पहुंचे। यहां सपा कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। इसके बाद काफिले के साथ सभी कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए।

जन पंचायत को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विमलेश पाल धनगर ने भाजपा सरकार पर हमला बोला और पाल समाज के हितों के लिए समाजवादी पार्टी को अपना हितैषी बताया। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर लोगों को पार्टी की नीतियों और पीडीए से जुड़े मुद्दों की जानकारी देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, विधानसभा अध्यक्ष कैलाश प्रजापति, सिसवा विधानसभा से भावी उम्मीदवार गौरीशंकर गुप्ता उर्फ फौजी भईया, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामनिवास यादव, सतीश यादव, बोनी शेख, गोविंद यादव, बिट्टू यादव, अमरजीत सहानी, दिलीप शुक्ला, अशोक यादव और अमरनाथ यादव समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन सपा नेता सतीश यादव ने किया। मुख्य अतिथि के पहुंचने से पहले पार्टी के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के कलाकार ओमप्रकाश यादव, राजाराम भारती और सुनीता यादव ने बिरहा के माध्यम से लोगों में जोश भरा। इस दौरान राजदेव पाल, दयाशंकर पाल, मोहन पाल, जितेंद्र पाल, दिनेश पाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।


