![]()

वारदात के बाद लोगों से पूछताछ करती पुलिस
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के मदनपुरा गांव के ग्राम प्रधान के लड़कों की रविवार को दबंगई करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम प्रधान की ओर से गांव में आरआरसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें धड़ल्ले से दोयम दर्जे की सामाग्री का प्रयोग हो रहा था। इसका एक युवक ने विरोध किया, तो प्रधान के दो लड़कों ने उसकी बाल उखाड़ आंख फोड़ने की कोशिश कर लहूलुहान कर दी। इतना ही नहीं मौके पर लोगों की भीड़ जुटते देख आरोपियों ने युवक को जानमाल की धमकी देते हुए भाग निकले। इस मामले में पीड़ित युवक ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
पीड़ित इंद्रेश प्रजापति निवासी मदनपुरा ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि उनके टोले पर ग्राम प्रधान की ओर से आरआरसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। उक्त सड़क के निर्माण में ग्राम प्रधान की ओर से मनमानी करते हुए धड़ल्ले से दोयम दर्जे की सामाग्री का प्रयोग किया जा रहा था। जिसका विरोध करने पर मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान के दो लड़के आक्रोशित हो उठे। कुछ ही देर बाद प्रधान के दोनों लड़के गोलबंद होकर उनकी पिटाई कर बाल उखाड़ ली। इतना ही नहीं आंख पर हमला करते हुए आंख फोड़ने का भी प्रयास किया। चीख पुकार सुन मौके पर लोगों की भीड़ जुटते देख दोनों भाग निकले।
थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


