डीएफओ ने निचलौल में पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, चित्रकला में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

राज्य

Loading

कार्यक्रम के दौरान अतिथि और वन कर्मी
Maharajganj khabar live
महराजगंज। वृक्ष प्रकृति को हरियाली और मानव जीवन को खुशहाली से भरने का काम करते हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को पौधरोपण करने के साथ ही दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। यह बातें प्रभागीय वनाधिकारी सर्व निरंजन राजेंद्र ने वैदौली स्थित ब्रह्मर्षि बावरा शैलेंद्र ममतागृह में सेवा संकल्प अभियान के दौरान कहीं।
उन्होंने ममतागृह परिसर में आंवला, आम, रुद्राक्ष, अशोक, कदंब और पारिजात सहित विभिन्न पौधों का पौधरोपण किया। इस दौरान बच्चों को वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। ‘वृक्ष संरक्षण से प्रकृति संरक्षण’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। इसमें करीब 30 छात्रों ने प्रतिभाग किया। वरिष्ठ वर्ग में अंकित कनौजिया ने प्रथम, अभिषेक कुशवाहा ने द्वितीय और अभिनाश कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में अजीत कुशवाहा प्रथम, आंचल मौर्य द्वितीय और सत्येंद्र मौर्य तृतीय रहे।
वन क्षेत्राधिकारी निचलौल सुनील कुमार राव ने विजेता छात्रों को पुरस्कृत किया। शिवनाथ मौर्य, अनुष्का गौतम, काजल राजभर, पायल मौर्य, रामजीत मौर्य, संजनी गौतम, उदय गुप्ता, अवंतिका मौर्य, प्रिंस मौर्य, संदीप मौर्य, अमित मौर्य, अभी मौर्य, रेनू चौहान, अमृता कुशवाहा, जाह्नवी मौर्य, तनु मौर्य और दुर्गेश कुशवाहा समेत अन्य छात्रों को भी पुरस्कार दिए गए।
कार्यक्रम से पूर्व रमेश कुमार और रंजीत खरवार ने अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। वन क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार राव ने प्रभागीय वनाधिकारी सर्व निरंजन राजेंद्र को प्रतीक चिह्न प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हरिकेश गुप्ता ने किया। इस अवसर पर वन दरोगा अशोक कुमार, हरिराम यादव, पन्नेलाल, रविंद्र प्रताप सिंह और मोवीन अली समेत वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।