बरामद अवैध उपकरण का सामान

Loading

बरामद अवैध उपकरण का सामान
Maharajganj khabar live
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र की लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी से सटे नेपाल के भूजहवा क्षेत्र में नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ 14 लाख 84 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल सामान बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान तस्कर पिकअप वाहन छोड़कर फरार हो गया।
नेपाल पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में मोबाइल एयरपॉड्स, टेम्पर्ड ग्लास, मोबाइल कवर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री शामिल है। सुरक्षा बलों ने सामान के साथ पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए महेशपुर भंसार कार्यालय भेज दिया है।
सीमा पर सक्रिय है तस्करी का नेटवर्क?
भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में मोबाइल सामान की बरामदगी ने सीमा पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि बरामदगी ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र की लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी से सटे इलाके में हुई है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था और सीमा क्षेत्र में निगरानी को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि सीमा क्षेत्र में तस्करी का कारोबार लंबे समय से जारी है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। लगातार हो रही बड़ी बरामदगियों के बाद तस्करी के इस नेटवर्क की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।
पहले भी सामने आ चुका है सोना तस्करी का मामला
ठूठीबारी क्षेत्र में इससे पहले भी करोड़ों रुपये की सोना तस्करी का मामला सामने आ चुका है। अब बड़ी मात्रा में मोबाइल सामान की बरामदगी ने भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय तस्करों के नेटवर्क और उसके संभावित संरक्षण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में यदि तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना है तो केवल बरामदगी तक कार्रवाई सीमित रखने के बजाय तस्करी के पूरे नेटवर्क, उसके संचालकों और संभावित संरक्षण देने वालों की भी जांच जरूरी है।
error: Content is protected !!