नहर में कूदी महिला को बचाते छात्र

Loading

नहर में कूदी महिला को बचाते छात्र
Maharajganj khabar live
निचलौल। थाना क्षेत्र अंतर्गत सात पांच नहर पल के पास नहर में कूदी एक महिला की जान बचाने के लिए कक्षा 10 के दो छात्रों ने अदम्य साहस का परिचय दिया। महिला को नहर में छलांग लगाते देख दोनों छात्रों ने बिना अपनी जान की परवाह किए पानी में छलांग लगा दी और उसे सुरक्षित बाहर निकालने में कामयाब रहे। दोनों छात्रों के साहस की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक निचलौल सिसवा मार्ग पर सात पांच नहर पुल के पास करीब 30 वर्षीय एक महिला ने अचानक नहर में छलांग लगा दी। महिला खुद को जहदा गांव की रहने वाली बता रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक इंटर कॉलेज के कक्षा 10 के छात्र कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन की नजर महिला पर पड़ गई। महिला को डूबता देख दोनों छात्रों ने पलभर भी देर नहीं की। अपनी जान की परवाह किए बिना दोनों नहर में कूद पड़े और महिला को बचाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद दोनों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोगों ने भी छात्रों के साहस की सराहना की। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है।
विद्यालय में सम्मानित होंगे दोनों छात्र
दोनों छात्रों के साहस की जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य को हुई तो उन्होंने गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्रों ने जिस साहस और मानवीय संवेदना का परिचय दिया है, वह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। प्रधानाचार्य ने विद्यालय की असेंबली में दोनों छात्रों को सम्मानित और पुरस्कृत करने की घोषणा की। छात्रों के इस साहसिक कदम की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय परिवार और क्षेत्र के लोगों में भी खुशी का माहौल है।
error: Content is protected !!