![]()

रिपोर्ट, इजहार अली
झुलनीपुर। निचलौल थाना क्षेत्र के भारत नेपाल बार्डर से सटे बहुआर कला में शुक्रवार को एसएसबी की ओर से नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत आयोजित 21 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह में प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र और सिलाई किट वितरित की गई। प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त प्रशिक्षुओं को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट नरेश कुमार जांगिड़ और नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान कार्यवाहक कमांडेंट ने कहा कि कौशल विकास प्रशिक्षण का उद्देश्य सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और युवाओं को रोजगारपरक हुनर देकर आत्मनिर्भर बनाना है। सिलाई जैसे प्रशिक्षण से महिलाएं घर बैठे स्वरोजगार शुरू कर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं। समारोह में उप कमांडेंट शशांक राय, निरीक्षक सामान्य शिवपूजन प्रसाद, निरीक्षक सामान्य अरुण पांडेय, सहायक उप निरीक्षक सामान्य राजीव राय, मुख्य आरक्षी सामान्य दिनकर मिश्रा, आरक्षी सामान्य अनिल मिन्हास, राजेश तिवारी सहित ग्राम प्रधान दुष्यंत सिंह, राम निधि पटेल, पन्नालाल, श्याम सुंदर गुप्ता आदि मौजूद रहे।

पंचायत भवनों को उपलब्ध कराई गईं सुविधाएं
समारोह के दौरान एसएसबी बीओपी पथलहवा के कार्यक्षेत्र अंतर्गत वाइब्रेंट गांव भेड़ीहारी के पंचायत भवन तथा झुलनीपुर बीओपी के कार्यक्षेत्र अंतर्गत वाइब्रेंट गांव बहुआर खुर्द के लिए टेबल, कुर्सी और कूड़ेदान भी प्रदान किए गए। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि इसका उद्देश्य ग्रामीणों को पंचायत भवनों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ गांवों में स्वच्छता और सुव्यवस्था को बढ़ावा देना है।
लोकगीत और लोकनृत्य ने बांधा समां
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने लोकगीत, लोकनृत्य समेत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कार्यवाहक कमांडेंट ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं।


