सोशल मीडिया स्त्रोत

Loading

सोशल मीडिया स्त्रोत
Maharajganj khabar live
महराजगंज। जिले में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद उस समय सुर्खियों में आ गया, जब एक युवती हाथ में लाइसेंसी बंदूक लेकर परतावल चौकी पहुंच गई। सोमवार दोपहर में एक युवती को बंदूक के साथ चौकी पहुंचा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। युवती रोते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाती रही।
बंदूक देने से किया इनकार
श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के धरमौली गांव की रहने वाली युवती ने पुलिसकर्मियों को अपनी लाइसेंसी बंदूक देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान मामले की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने युवती को समझा-बुझाकर शांत कराया और उसे चौकी पर बैठाया। इसके बाद उसके परिवार के अन्य सदस्यों को चौकी पर बुलाया गया। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
जमीन के हिस्से को लेकर पारिवारिक विवाद
ग्रामीणों के मुताबिक, विवाद परिवार की जमीन के बंटवारे और हिस्से को लेकर चल रहा है। बताया जा रहा है कि युवती परिवार की कुछ जमीन अपने नाम चाहती है। इसी मुद्दे को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच विवाद हुआ। युवती ने मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया है। युवती पुलिस से मामले की जांच कर करने की मांग करती रही। हालांकि, पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
परिवार के बुजुर्ग के नाम थी बंदूक
ग्रामीणों के अनुसार, परिवार में यह लाइसेंसी बंदूक पहले युवती के दादा या परिवार के किसी बुजुर्ग के नाम थी। बाद में बंदूक रामानंद यादव के नाम दर्ज हुई। बताया जा रहा है कि रामानंद यादव इसी लाइसेंसी बंदूक के साथ अलग-अलग सरकारी बैंकों में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करते रहे हैं।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
पुलिस अब जमीन के विवाद, कथित मारपीट और लाइसेंसी बंदूक लेकर चौकी पहुंचने के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और मारपीट के आरोपों में कितनी सच्चाई है।
परतावल चौकी प्रभारी आलोक राय ने बताया कि मामला पारिवारिक और जमीन से जुड़े विवाद का है। मामले की जांच की जा रही है।
error: Content is protected !!