![]()

Mahrajganj khabar live
महराजगंज। शहर के श्याम पैलेस में समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जन पंचायत एवं स्वजनों से मुलाकात कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिसवा विधानसभा क्षेत्र से सपा के भावी उम्मीदवार गौरीशंकर गुप्ता उर्फ फौजी भईया के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बारिश के बावजूद कार्यक्रम स्थल पर पुरुषों के साथ महिलाओं की भी भारी भीड़ दिखाई दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा रहे। अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने की। कार्यक्रम के दौरान सपा नेताओं ने पीडीए की राजनीति को धार देने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन और जनाधार मजबूत करने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि राम आसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने विश्वकर्मा समाज सहित पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को समाजवादी पार्टी से जोड़ने की अपील की। उनके संबोधन में पीडीए के सामाजिक समीकरण और आगामी चुनाव में इसकी भूमिका प्रमुख रूप से केंद्र में रही।
कार्यक्रम में सिसवा विधानसभा क्षेत्र से सपा नेता एवं भावी उम्मीदवार गौरीशंकर गुप्ता उर्फ फौजी भईया ने भी लोगों को संबोधित किया। समर्थकों की मौजूदगी और भीड़ को उनके राजनीतिक प्रभाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम के जरिए सपा ने सिसवा विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक सक्रियता और पीडीए के सामाजिक समीकरण को मजबूत करने का संदेश देने की कोशिश की। समर्थकों की भारी मौजूदगी को स्थानीय राजनीति में गौरीशंकर गुप्ता उर्फ फौजी भईया के बढ़ते प्रभाव के तौर पर भी देखा जा रहा है। कार्यक्रम को सपा नेता निर्मेश मंगल, राजेश यादव, पूर्व विधायक श्रीपति आजाद, श्रवण पटेल, प्रवीण गौतम, समसुद्दीन सिद्दीकी, अनुप विश्वकर्मा, गोविंद विश्वकर्मा और गीता रत्ना समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया। मंच का संचालन सपा नेता नौसाद ने किया। इस अवसर पर ऋषिकेश यादव, बोनी शेख, सतीश यादव, रामकृपाल गुप्ता, रामहर्ष शर्मा, संतोष विश्वकर्मा, दयानंद विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
बारिश भी नहीं रोक सकी समर्थकों की राह
कार्यक्रम के दौरान मौसम खराब रहा और बारिश होती रही, इसके बावजूद भी सिसवा विधानसभा के भावी उम्मीदवार गौरीशंकर गुप्ता उर्फ फौजी भईया के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। खास तौर पर महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। समर्थक बारिश में भीगते हुए कार्यक्रम में डटे रहे। इससे आयोजकों में उत्साह देखने को मिला।


