![]()

Maharajganj khabar live
निचलौल। भारत-नेपाल सीमा से सटे बहुआर कला स्थित रॉयल माउंट स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। छात्र-छात्राओं की एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधक नरेंद्र पटेल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आगे कहा कि भारत में प्रत्येक वर्ष पांच सितंबर को महान शिक्षाविद, देश के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का मानना था कि एक अच्छे शिक्षक की भूमिका विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करते हैं। विद्यार्थियों को शिक्षकों का सम्मान करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। शिक्षक दिवस के आयोजन को लेकर विद्यालय में पूरे दिन उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


