![]()

चयनित छात्र ज्ञानेंद्र
Maharajganj kabhar live
निचलौल। विकासखंड क्षेत्र के ग्राम खोन्हौली निवासी ज्ञानेंद्र गुप्ता का कर्मचारी चयन आयोग (एसएसी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (सीजीएल)-2025 के माध्यम से केंद्रीय सचिवालय, नई दिल्ली स्थित शिक्षा मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (एएसओ) पद पर चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
ज्ञानेंद्र इसके पहले वर्ष 2023 से नई दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में लोवर डिविजन क्लर्क (एलडीसी) के पद पर कार्यरत थे। नौकरी के साथ ही उन्होंने दिल्ली में रहकर ऑनलाइन माध्यम से एसएससी सीजीएल की तैयारी की और अपने अथक परिश्रम के बल पर यह सफलता हासिल की। ज्ञानेंद्र ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की शिक्षा निचलौल शहर स्थित सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
ज्ञानेंद्र अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र हैं। उनके पिता ध्रुवनारायण गुप्ता परिषदीय विद्यालय लोहेपार में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। जबकि माता ऊषा गुप्ता गृहिणी हैं। उनकी बड़ी बहन रागनी गुप्ता लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज, मेरठ से एमबीबीएस इंटर्नशिप कर रही हैं।
ज्ञानेंद्र की सफलता पर दादा रामसूरत गुप्ता, दादी सुरसती देवी, चाचा जनार्दन गुप्ता, चाची आरती गुप्ता, चचेरी बहन अनुष्का एवं आरुषि गुप्ता समेत परिजनों और ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। बचपन से मेधावी रहे ज्ञानेंद्र ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच से किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त की जा सकती है।


