![]()

रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दकी
झुलनीपुर। निचलौल थाना क्षेत्र के भारत-नेपाल सीमा से सटे रेंगहिया गांव में शुक्रवार सुबह संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 119 बोरी चाइनीज लहसुन बरामद किया। लहसुन को नेपाल से तस्करी के जरिए लाकर अवैध रूप से भंडारण किए जाने की सूचना पर कार्रवाई की गई। मौके से एक भारतीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
सीमा चौकी शीतलपुर के प्रभारी उपनिरीक्षक सूरज कुमार तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली कि सीमा स्तंभ संख्या 501 से करीब 600 मीटर भारत की ओर रेंगहिया गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह पुत्र रामनरेश सिंह के घर में नेपाल से तस्करी के माध्यम से लाया गया चाइनीज लहसुन रखा गया है। सूचना के बाद उपनिरीक्षक सूरज कुमार तिवारी ने एसएसबी झूलनीपुर बीओपी के प्रभारी निरीक्षक शिव पूजन प्रसाद और नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल को जानकारी दी। इसके बाद नायब तहसीलदार के नेतृत्व में एसएसबी, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने शुक्रवार सुबह करीब छह बजे रेंगहिया गांव स्थित धर्मेंद्र सिंह के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान 119 बोरी चाइनीज लहसुन बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान गिरजेश सिंह पुत्र बेचई सिंह निवासी डीगही इटहिया, थाना ठूठीबारी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद लहसुन को जब्त कर लिया गया है। संबंधित मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


