कार्यक्रम के दौरान अतिथि और मेधावी छात्र

Loading

कार्यक्रम के दौरान अतिथि और मेधावी छात्र
Report by Dharmendra kumar gupta
महराजगंज। जिले के निचलौल थाना क्षेत्र के खोन्हौली गांव स्थित शिवमंदिर धर्मशाला परिसर में शुक्रवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाल के दिनों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले गांव के होनहारों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी ऋषिकेश यादव ने की। मुख्य अतिथि सिसवा विधानसभा के समाजवादी पार्टी के भावी उम्मीदवार गौरीशंकर गुप्ता उर्फ फौजी भईया रहे।
मुख्य अतिथि ने एसएससी-सीजीएल 2025 के माध्यम से केंद्रीय सचिवालय, नई दिल्ली स्थित शिक्षा मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (एएसओ) के पद पर चयनित ज्ञानेंद्र गुप्ता और नीट-यूजी 2026 में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल करने वाली अनुष्का पटेल को सम्मानित किया। उन्होंने दोनों प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गांव के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ सही दिशा, निरंतर मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति की है।
समारोह में ज्ञानेंद्र गुप्ता और अनुष्का पटेल ने अपनी सफलता के अनुभव छात्र-छात्राओं के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति लगातार प्रयास सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से असफलता से निराश न होकर अपनी कमियों को पहचानने और दोबारा बेहतर तैयारी के साथ प्रयास करने का आह्वान किया। ज्ञानेंद्र गुप्ता के पिता एवं परिषदीय विद्यालय लोहेपार के प्रभारी प्रधानाध्यापक ध्रुवनारायण गुप्ता ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राएं संसाधनों की कमी को अपनी कमजोरी न समझें। लगन और मेहनत के बल पर वे किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं।
ग्रामीणों और छात्रों को संबोधित करते हुए गौरीशंकर गुप्ता उर्फ फौजी भईया ने कहा कि विद्यार्थी अपने जीवन का लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए पूरी ईमानदारी से मेहनत करें। आज की मेहनत ही आने वाले कल की सफलता की नींव रखती है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल और निरंतर प्रोत्साहन देने की अपील की। इस दौरान ग्राम प्रधान अम्बरीश पासवान, रामकृपाल गुप्ता, धनपाल, बेचई गुप्ता, दीनानाथ गुप्ता, सोहनलाल गुप्ता, ईश्वरचंद पटेल, मुनीब गुप्ता, गुड्डू गुप्ता, विजय कसौधन आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
error: Content is protected !!