लोगो से वार्ता करते एसडीएम

Loading

लोगो से वार्ता करते एसडीएम
Maharajganj kabhar live 
निचलौल। थाना क्षेत्र अंतर्गत निचलौल-सिंदुरिया मार्ग पर दमकी गांव के सामने मंगलवार रात डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार चार युवकों की मौत के बाद बुधवार को लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। मुआवजे समेत विभिन्न मांगों को लेकर ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों की मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।
मंगलवार रात करीब आठ बजे चारों युवक एक बाइक से निचलौल की ओर जा रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक मृतक युवक सन्नी के जन्मदिन पर एक बाइक पर सवार होकर सभी युवक पार्टी मनाने जा रहे थे। इसी दौरान दमकी गांव के सामने तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले तीन युवक पंचमा गांव के केवटानी टोला निवासी एक ही परिवार के थे। वहीं चौथा युवक मिर्जापुर गांव का रहने वाला था। मिर्जापुर निवासी युवक मदनपुरा गांव के पास पीडब्ल्यूडी के प्लांट में जेसीबी चालक के रूप में काम करता था। मृतक सन्नी भी इसी प्लांट में मजदूरी करता था। मजदूरी के दौरान दोनों के बीच करीबी हो गई थी।
चार युवकों की मौत की खबर से परिवारों में कोहराम मच गया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पंचमा निवासी तीनों युवकों का पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में देवरिया शाखा नहर की पटरी के किनारे अंतिम संस्कार किया गया। वहीं मिर्जापुर निवासी युवक के शव को उसके परिजन अपने साथ घर ले गए।
इधर, हादसे के बाद मुआवजे समेत अन्य मांगों को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों की मांगों को पूरा कराने का भरोसा दिया, जिसके बाद ग्रामीण सड़क से हटे।
थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। डंपर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।
एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि पीड़ित परिवारों की सभी मांगों के संबंध में उच्चाधिकारियों को पत्र के माध्यम से अवगत करा दिया गया है। जांच कराकर कृषक योजना के तहत सहायता राशि दिलाने के साथ ही पीड़ित परिवार को आवास दिलाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना में चयन कराई जाएगी। इतना ही नहीं अन्य लाभ के लिए शासन और उच्चाधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद उनकी मांगों को जल्द पूरा कराने की कार्रवाई की जाएगी।
error: Content is protected !!