Advertisement

31 जुलाई तक पूरा करें परफॉर्मेंस ग्रांट के सभी अधूरे कार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम

Loading

बैठक करते डीएम

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने परफॉर्मेंस ग्रांट के तहत चल रहे सभी अधूरे विकास कार्यों को 31 जुलाई तक हर हाल में पूरा करने के लिए जिम्मेदारों को निर्देश दिए हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत सचिवों और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने की सख्त हिदायत दी है।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विकास कार्यों का निर्माण पूरा हो चुका है। उनका नामित नोडल अधिकारी मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन कर जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। उन्होंने निर्देश दी कि परफॉर्मेंस ग्रांट की बची हुई धनराशि का उपयोग ग्राम पंचायतों में जनहित से जुड़े स्थायी और उपयोगी सार्वजनिक कार्यों पर किया जाए।
डीएम ने सामुदायिक भवनों के संचालन और रखरखाव के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायतें एसओपी के अनुसार ही सामुदायिक भवनों का संचालन सुनिश्चित करें, ताकि इनका सही और पारदर्शी उपयोग हो सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने परफॉर्मेंस ग्रांट से कराए गए सभी विकास कार्यों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने और एक डिजिटल लाइब्रेरी विकसित करने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही जिला सूचना अधिकारी को विकास कार्यों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री तैयार कराने को कहा, जिससे जनपद में हुए कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके। जबकि बारातघर निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम ने सिसवा विकासखंड के हरखपुरा में डीपीआर तैयार न होने और रुद्रापुर में निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, डीसी उद्योग नीरज सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।
error: Content is protected !!