जुलूस में शामिल लोग

Loading

जुलूस में शामिल लोग
रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी 
झुलनीपुर। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर बुधवार को सीमावर्ती क्षेत्र में मुस्लिम समाज के लोगों ने अकीदत के साथ जुलूस निकाला। उमसभरी गर्मी के बावजूद जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने मुल्क में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। जुलूस को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
मिश्रौलिया स्थित नूरी जामा मस्जिद परिसर में मदरसे के छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों की भीड़ जुटी। यहां से जुलूस मिश्रौलिया, बैठवलिया और बहुआर होते हुए बहुआर खुर्द पहुंचा। रास्ते में लोगों ने धार्मिक झंडे और बैनर लगाए थे। जगह-जगह जुलूस का स्वागत किया गया और शरबत व पानी की व्यवस्था की गई। जुलूस में लोग धार्मिक नारे लगाते हुए आगे बढ़े। बहुआर खुर्द में जलसे का आयोजन किया गया। मौलाना अख्तर हुसैन मिस्बाही ने कहा कि समाज के लोगों को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की बताई शिक्षाओं पर अमल करना चाहिए। मौलाना परवेज अजीजी ने भी प्रेम, शांति, भाईचारे और इंसानियत को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने मुल्क और कौम की खुशहाली के लिए दुआ कराई। जुलूस के दौरान धार्मिक विद्वानों और समाज के जिम्मेदार लोगों ने जरूरतमंदों की मदद करने तथा समाज में आपसी प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बच्चों और युवाओं की जुलूस में विशेष भागीदारी रही। रास्ते में की गई सजावट और धार्मिक झंडों से माहौल उत्सवी नजर आया। जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरे दिन अलर्ट रहा। संवेदनशील गांवों और निर्धारित मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई। नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में निकाले गए जुलूस धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सौहार्द का संदेश देते हुए शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।
error: Content is protected !!