तेंदुए की सूचना पर मौके पर पहुचे रेंजर सुनील राव और नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील मद्धेशिया उर्फ मुन्ना

Loading

तेंदुए की सूचना पर मौके पर पहुचे रेंजर सुनील राव और नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील मद्धेशिया उर्फ मुन्ना
Maharajganj khabar live
निचलौल। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के निचलौल वन रेंज क्षेत्र में सोमवार को शहर में तेंदुआ घूमने की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मिया वार्ड के लोगों में दहशत फैल गई। पूरे दिन अलग-अलग सोशल मीडिया आईडी से फोटो वायरल होती रही। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन तेंदुए की मौजूदगी के कोई प्रमाण नहीं मिले।
सोशल मीडिया पर वायरल फोटो को संज्ञान में लेते हुए निचलौल वन रेंज के क्षेत्राधिकारी सुनील राव वनकर्मियों और डब्ल्यूटीआई की टीम के साथ करीब पांच बजे मिया वार्ड पहुचे। इस बीच नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील मद्धेशिया उर्फ मुन्ना भी मौजूद रहे। टीम ने आसपास के क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान तेंदुए के पगचिह्न अथवा अन्य किसी प्रकार के वन्यजीव के निशान नहीं मिले।
वन विभाग की टीम ने करीब 25 स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की। हालांकि, मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने तेंदुए को अपनी आंखों से देखने की बात स्वीकार नहीं की। इसके बाद वार्ड स्थित एक पोखरी के किनारे उगी घनी झाड़ियों और आसपास के क्षेत्र में ड्रोन की मदद से भी तेंदुए की तलाश की गई। काफी देर तक निगरानी के बावजूद तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिला।
क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने लोगों को वन्यजीवों के प्रति जागरूक करते हुए सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अफवाह नहीं फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कहीं वन्यजीव दिखाई देता है तो उसके पास जाने या भीड़ लगाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें। वन विभाग की टीम सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगी। वही नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील मद्धेशिया उर्फ मुन्ना की ओर से शहरवासियों से किसी भी तरह की समस्या होने पर सूचना देने की अपील की गई।
error: Content is protected !!