![]()

जांच करती पुलिस
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के बांकी रेंज अंतर्गत बभनौली–परतावल मार्ग के पास स्थित दौलतपुर बीट के जंगल में गुरुवार दोपहर एक अज्ञात महिला का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव ईंट भट्ठे से उत्तर दिशा में जंगल के भीतर साड़ी के फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार शाम तेज आंधी और बारिश के बाद गुरुवार को जंगल में लकड़ी बीनने के लिए महिलाओं की आवाजाही बढ़ी थी। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने पेड़ से लटका शव देखा और शोर मचाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। प्राथमिक जांच में शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा है। अनुमान है कि शव लगभग 15–20 दिन पुराना हो सकता है। शव का निचला हिस्सा सड़ चुका है, जबकि ऊपरी हिस्से पर कपड़े नहीं मिले, केवल मांस दिखाई दे रहा था। हालांकि, महिला के गले में लाल धागे में मंगलसूत्र, हाथों में कंगन और लाल चूड़ियां मिली हैं, जिससे उसके विवाहित होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर पहचान कराने का प्रयास कर रही है। यह मामला आत्महत्या का है या हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही हो सकेगा।
थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है।


