वायरल वीडियो स्त्रोत

Loading

वायरल वीडियो स्त्रोत
Maharajganj khabar live
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र में पशु तस्करी से जुड़ा सात सेकेंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वीडियो में रात के अंधेरे में कुछ लोग पगडंडी के रास्ते पशुओं के झुंड को सीमा की ओर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो लक्ष्मीपुर पुलिस चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि महराजगंज खबर लाइव की ओर से नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर पुलिस और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों में भी हलचल बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि सीमा क्षेत्र में पगडंडी और खेतों के रास्ते पशुओं को नेपाल भेजे जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि इन दिनों खाद्य पदार्थों के साथ पशुओं की कथित अवैध आवाजाही भी बढ़ी है। सूत्रों के मुताबिक, पशुओं को नेपाल भेजने के लिए तस्करों द्वारा सप्ताह में कुछ दिन तय किए जाने की बात सामने आ रही है। इनमें शुक्रवार, शनिवार, रविवार और सोमवार को इटहिया, लालपुर और भरवलिया आदि क्षेत्रों से सीमा की ओर पशुओं को ले जाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इन दावों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जांच के बाद सामने आएगी वीडियो की सच्चाई 
वायरल वीडियो को लेकर महराजगंज खबर लाइव वेब न्यूज पोर्टल इसकी पुष्टि नहीं करता है। वीडियो कब और कहां का है, इसमें दिखाई दे रहे लोग कौन हैं और पशुओं को किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सीमा पर पुलिस-एसएसबी की निगरानी
इस संबंध में निचलौल क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए एसएसबी के साथ पुलिस टीम लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि पशु तस्करी जैसी गतिविधि की पुष्टि होती है तो इसमें शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
error: Content is protected !!