हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक

Loading

हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक
Maharajganj kabhar live 
निचलौल। सिंदुरिया-निचलौल मार्ग पर मंगलवार रात दमकी गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। करीब साढ़े सात बजे हुए हादसे में बाइक सवार चार युवकों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। चारों युवक पचमा गांव के रहने वाले थे और बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए निचलौल शहर की ओर जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।
मृतकों की पहचान पचमा निवासी सन्नी (19), किशन (18), विवेक (18) और शिव (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विवेक और शिव सगे भाई थे। सन्नी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। चारों युवकों के एक ही परिवार से जुड़े होने की बात भी सामने आई है।
पार्टी में शामिल होने निकले थे, रास्ते में काल ने घेरा
बताया जा रहा है कि चारों युवक मंगलवार शाम किसी परिचित की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए घर से निचलौल शहर की तरफ निकले थे। अभी वे शहर के करीब दमकी गांव के पास ही पहुंचे थे कि उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। हादसे में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।
चार युवकों की मौत से गांव में पसरा मातम
एक साथ चार युवकों की मौत की खबर जैसे ही पचमा गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। जिस घर से कुछ देर पहले युवक खुशियों में शामिल होने के लिए निकले थे, वहां मातम पसर गया। ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाते रहे।
शव कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुटी पुलिस
निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। चारों युवकों को सीएचसी निचलौल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चारों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।
error: Content is protected !!