![]()

रिपोर्ट, इजहार अली
झुलनीपुर। निचलौल थाना क्षेत्र ग्राम सभा गिरहिया बड़का शीतलापुर में रविवार सुबह चूल्हे की चिनगारी से एक झोपड़ी में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में कपड़े, चारपाई, तीन साइकिल, चारा मशीन और खाद्य सामग्री समेत शादी की तैयारियों के लिए जुटाया गया सामान जलकर राख हो गया।
नंदकिशोर गौड़ की बेटी रूबी रविवार सुबह करीब पांच बजे लकड़ी के चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिनगारी झोपड़ी में जा गिरी और आग भड़क उठी। लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। पानी और मिट्टी डालकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक झोपड़ी और उसमें रखा अधिकांश सामान जल चुका था। नंदकिशोर पिछले सात महीने से लुधियाना में रह रहा है। उसके तीन बेटियां और दो बेटे हैं। इनमें बेटा राजन और बेटी बीमा दिव्यांग हैं। दूसरे नंबर की बेटी रूबी की शादी कोठीभार थाना क्षेत्र के पंडित बरवा गांव में तय है। नौ दिसंबर को शादी होनी है। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। आग में शादी के लिए जुटाकर रखा सामान भी जल गया। घटना की सूचना पर हल्का लेखपाल अनिल मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। तहसीलदार अमित सिंह ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


