![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा के सोनौली बॉर्डर पर आव्रजन विभाग की टीम ने जांच के दौरान कथित फर्जी भारतीय दस्तावेज रखने के आरोप में थाईलैंड की एक महिला को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद महिला को आगे की कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक सोनौली सीमा पर आव्रजन अधिकारी नेपाल से भारत आने वाले यात्रियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान नेपाल की ओर से भारत में प्रवेश कर रही एक विदेशी महिला ने अधिकारियों के समक्ष अपना पासपोर्ट और वीजा प्रस्तुत किया। महिला की भाषा और बोलचाल के तरीके पर अधिकारियों को संदेह हुआ। इसके बाद उससे गहन पूछताछ की गई।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम चोन यूतिचिरफ्त बताया और खुद को थाईलैंड का निवासी बताया। जांच के दौरान उसके पास से कथित तौर पर फर्जी भारतीय दस्तावेज मिलने की बात सामने आई। इसके बाद आव्रजन अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया और सोनौली पुलिस के हवाले कर दिया। कई बार भारत आने की बात सामने आई पुलिस की पूछताछ में महिला के पहले भी कई बार भारत आने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह नेपाल के रास्ते वृंदावन और मथुरा भी जा चुकी है। थाईलैंड में महिला कपड़ों का कारोबार करती है।
इस संबंध में सोनौली कोतवाल महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है। दस्तावेजों की जांच और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित भारतीय दस्तावेज महिला तक कैसे पहुंचे और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था।


