![]()

रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
झुलनीपुर। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल रेंज अंतर्गत ग्राम सभा मिश्रौलिया में शनिवार सुबह एक नर तेंदुए का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तेंदुए की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
जानकारी के मुताबिक शनिवार भोर में गांव की महिलाएं नित्यक्रिया के लिए पश्चिम दिशा की ओर जा रही थीं। इसी दौरान राजवंशी के गन्ने के खेत के पास चकरोड पर उन्हें एक तेंदुआ मृत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। शव देखते ही महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार रात गांव के आसपास तेंदुओं की दहाड़ें लगातार सुनाई दे रही थीं। उनका अनुमान है कि रात में तेंदुओं के बीच संघर्ष हुआ, जिसमें एक नर तेंदुए की मौत हो गई। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि एक तेंदुआ अपने शावकों की सुरक्षा के लिए पास के गन्ने के खेत में छिपा हुआ था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि वन विभाग ने नहीं की है।
ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्रीय वनाधिकारी निचलौल सुनील कुमार राव ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। विभाग ने सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया तेंदुए की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।

