![]()

चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार आरोपी
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। श्यामदेउरवां पुलिस ने सोमवार को वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन बाइक भी बरामद की हैं। पुलिस टीम गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश की। जहां से तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
सदर क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने बताया कि परतावल चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय पुलिस टीम के साथ सोमवार को छतीराम पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन वाहन चोर एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर महदेवा से परतावल होते हुए खालिद मिल्ली स्कूल के सामने से ग्राम पिपरिया जाने वाले मार्ग की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और खालिद मिल्ली स्कूल से करीब 100 मीटर आगे पुलिया के पास तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें नेपाल में बेचने का काम करते थे। पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलें गोंडा, गोरखपुर और महराजगंज जनपद से चोरी की गई थीं, जिन्हें नेपाल ले जाकर बेचने की तैयारी की जा रही थी। आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी की गाड़ियों को बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस के मुताबिक सूरज विश्वकर्मा इस गिरोह का सरगना है, जबकि अन्य दोनों आरोपी उसके सहयोगी सदस्य हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तनय श्रीवास्तव निवासी सेमरा चन्दौली थाना श्यामदेउरवां, सूरज विश्वकर्मा निवासी पकड़ी दीक्षित थाना भिटौली तथा रामसन यादव निवासी सेमरा चन्दौली थाना श्यामदेउरवां के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करते हुए चालान कर दिया है।


