![]()

रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
झुलनीपुर। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित पथलहवा एसएसबी बीओपी के कार्यक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बढ़्या फार्म के पंचायत भवन में सोमवार को ग्रामीण समन्वय बैठक एवं राहत-बचाव दल का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसएसबी, राहत एवं बचाव दल तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न जनजागरूकता विषयों पर चर्चा की। राहत एवं बचाव प्रशिक्षण में करीब 50 ग्रामीणों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत एसएसबी उपनिरीक्षक रिक्की लाल ने उपस्थित लोगों का स्वागत कर की। उसके बाद उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। फिर ग्रामीणों से गांव और आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध अथवा अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की। इसके साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया। बैठक में केंद्र सरकार एवं एसएसबी द्वारा संचालित सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं और महिलाओं के लिए चलाए जा रहे बेसिक कंप्यूटर, सिलाई, ब्यूटी पार्लर, मोटर ड्राइविंग, भर्ती पूर्व प्रशिक्षण सहित विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके बाद राहत एवं बचाव दल ने ग्रामीणों को प्राकृतिक आपदा एवं अन्य आपात स्थितियों के दौरान सुरक्षित रहने, प्राथमिक बचाव उपाय अपनाने तथा समय रहते सतर्कता बरतने के व्यावहारिक तरीके बताए। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों से आपदा प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी जानकारी अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई। इस अवसर पर सिकेंद्र सिंह, सौरभधर दुबे, ग्राम प्रधान प्रमोद कुशवाहा आदि लोग मौजूद रहे।


