![]()

Maharajganj khabar live
महराजगंज। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज ने मानवीय पहल की है। क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नेपाल के प्रधानमंत्री दैवी प्रकोप उद्धार कोष में 51 हजार रुपये की सहायता राशि जमा कराई है।
सोमवार को प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रुपन्देही के प्रमुख जिला अधिकारी विश्व प्रकाश अर्याल को बैंक में जमा सहायता राशि का वाउचर सौंपा।

इस अवसर पर अध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से बड़े पैमाने पर जन-धन की क्षति हुई है। ऐसे कठिन समय में भारतीय पत्रकारों की ओर से नेपाल के प्रभावित नागरिकों तक सहयोग पहुंचाने के उद्देश्य से यह राशि दी गई है। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
रुपन्देही के प्रमुख जिला अधिकारी विश्व प्रकाश अर्याल ने प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज से जुड़े पत्रकारों की ओर से प्रधानमंत्री कोष में सहयोग राशि जमा कराने पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में पड़ोसी देश के पत्रकारों की ओर से किया गया यह सहयोग मानवीय संवेदना और आपसी सद्भाव का परिचायक है। कार्यक्रम में लुम्बिनी प्रेस क्लब रुपन्देही के अध्यक्ष कमल रायमाझी समेत नेपाल और भारत के कई पत्रकार मौजूद रहे।


