![]()

कार्यक्रम में उपस्थित छात्र और शिक्षक
Maharajganj kabhar live
निचलौल। नगर स्थित मदरसा अरबिया अजीजिया मजहरूल उलूम में सोमवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ० एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रेश शास्त्री ने कहा कि यदि संकल्प दृढ़ हो तो व्यक्ति अपने लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करता है। जीवन में कभी हार न मानने वाला इंसान ही सफलता की मंजिल तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता और कुरान, दोनों का समान सम्मान किया तथा गरीब बच्चों को स्नेह और सम्मान देकर समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि अनिल वर्मा ने कहा कि साधारण परिवार में जन्म लेने के बावजूद डॉ. कलाम अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर देश के महान वैज्ञानिक, मिसाइल मैन और राष्ट्रपति बने। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने की इच्छा रखने वाले व्यक्ति के लिए गरीबी कभी बाधा नहीं बनती।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के बीच चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें 12 विद्यार्थियों ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में रोशनी खातून ने प्रथम, शाहिना खातून ने द्वितीय, मिसबहाउद्दीन ने तृतीय तथा जाहिर सिद्दीकी ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा मिजान रजा, मोहम्मद कैफ, सादिया एनम, हिना खातून, सबीहा नूरी, आफरीन खानम, खुशबून्निशा और सना परवीन को भी प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेताओं को मुख्य अतिथि अनिल वर्मा ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मौलाना खालिद, अध्यापक तनवीर खान एवं मास्टर अब्दुल मन्नान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


