Advertisement

नेपाल-भारत मैत्री क्रिकेट: महाराजगंज प्रेस क्लब ने जीता खिताब, अनुज शुक्ला बने ‘मैन ऑफ द सीरीज’

Loading

पुरस्कार के साथ विजेता खिलाड़ी

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। नेपाल के भैरहवा में आयोजित द्वितीय नेपाल-भारत मैत्रीपूर्ण क्रिकेट प्रतियोगिता में भारतीय मीडिया टीम का दबदबा देखने को मिला। रोमांचक फाइनल मुकाबले में महाराजगंज प्रेस क्लब (भारत) ने लुम्बिनी प्रेस क्लब (नेपाल) को नौ रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। प्रतियोगिता में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए महाराजगंज प्रेस क्लब के अनुज शुक्ला को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया।
लुम्बिनी प्रेस क्लब के आयोजन और रुपन्देही क्रिकेट संघ के सह-आयोजन में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 145 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लुम्बिनी प्रेस क्लब की टीम निर्धारित ओवरों में 136 रन ही बना सकी। नेपाल की ओर से सचिन चौधरी ने नाबाद संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
प्रतियोगिता में नेपाल के सचिन चौधरी को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, प्रकाश न्यौपाने को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और दीपेन्द्र बडुवाल को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक का पुरस्कार दिया गया।
विजेता महाराजगंज प्रेस क्लब को ट्रॉफी, नकद पुरस्कार, प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान किए गए। वहीं उपविजेता लुम्बिनी प्रेस क्लब को भी नकद पुरस्कार, प्रमाणपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में लुम्बिनी प्रदेश के युवा एवं खेल मंत्री संतोष कुमार पाण्डेय ने कहा कि खेल भारत और नेपाल के बीच मित्रता तथा आपसी विश्वास को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उद्घाटन अवसर पर सिद्धार्थनगर नगरपालिकाध्यक्ष इश्तियाक अहमद खान ने कहा कि ऐसे आयोजन दोनों देशों के लोगों के बीच आत्मीयता और सहयोग को नई मजबूती देते हैं। उद्योगपति राजेश कुमार अग्रवाल ने प्रतियोगिता को भारत-नेपाल संबंधों को नई ऊंचाई देने वाला आयोजन बताया।
महाराजगंज प्रेस क्लब के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी ने कहा कि इस प्रतियोगिता में जीत-हार से अधिक खेल भावना और भाईचारे का संदेश महत्वपूर्ण रहा। वहीं लुम्बिनी प्रेस क्लब के अध्यक्ष कमल रायमझी ने कहा कि मीडिया कप का उद्देश्य दोनों देशों के पत्रकारों के बीच मित्रता, संवाद और सहयोग को और मजबूत करना है।
error: Content is protected !!