![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले के सिंदुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बसंतपुर ग्रामसभा स्थित खाद गोदाम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में खाद वितरण के दौरान केंद्र प्रभारी और किसानों के बीच हुई मामूली कहासुनी के बाद माहौल तनावपूर्ण होता दिखाई दे रहा है। इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि महराजगंज खबर लाइव नहीं कर रहा है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र के काफी किसान केंद्र पर खाद लेने के लिए लंबी कतार में खड़े थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर केंद्र प्रभारी और कुछ किसानों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि मामूली विवाद के बाद केंद्र प्रभारी अपना आपा खो बैठे और लाइन में लगे किसानों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। वायरल वीडियो में केंद्र प्रभारी किसानों को भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे मौके पर मौजूद किसानों में नाराजगी फैल गई।
वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि स्थिति को शांत कराने के लिए वहां मौजूद लोग और किसान लगातार केंद्र प्रभारी को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। काफी देर तक लोग उन्हें शांत कराने और विवाद को खत्म कराने में जुटे रहे।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद किसानों में आक्रोश व्याप्त है। किसानों का कहना है कि खाद वितरण केंद्र पर उन्हें सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए, लेकिन इस तरह की अभद्रता बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में इसकी चर्चा जोरों पर है। इस मामले ने संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों ने जांच कर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।

