![]()

कार्यक्रम में शामिल बच्चे
Maharajganj kabhar live
निचलौल। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वैदौली स्थित ब्रह्मर्षि बावरा शैलेंद्र ममतागृह परिसर में देश के वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक पटाखे फोड़कर कारगिल विजय की खुशी व्यक्त की। जबकि कैंडल जलाकर शहीद सैनिकों को नमन किया। इस दौरान भारत माता की जय और भारत के वीरों की जय के नारों से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रेश शास्त्री ने कहा कि देश के सैनिक अपने प्राणों की आहुति देकर सीमाओं की रक्षा करते हैं। ऐसे वीर जवानों के बलिदान का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक और राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ-साथ समाज को भी सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान के लिए सदैव संवेदनशील रहना चाहिए।
इस अवसर पर रंजीत पाल द्वारा कारगिल विजय दिवस की थीम पर बनाई गई आकर्षक प्रतीकात्मक रंगोली सभी के आकर्षण का केंद्र रही। उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए चंद्रेश शास्त्री ने उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। बच्चों ने जलाए गए कैंडलों से रंगोली को सजाया और शहीद सैनिकों की स्मृति में श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में रमेश कुमार, अशोक मौर्य, जल्लू मौर्य तथा इच्छाधारी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


