![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में वृहस्पतिवार को पुलिस ने चार कुख्यात अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। इनमें तीन अभियुक्तों को जिला बदर कर दिया गया है। जबकि एक अभियुक्त को छह माह तक प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से हाजिरी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जुलाई माह के दौरान संगठित एवं आदतन अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत समाज में भय और आतंक का माहौल बनाकर अवैध लाभ अर्जित करने वाले चार अभियुक्तों के विरुद्ध गुंडा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
न्यायालय एवं सक्षम प्राधिकारी के आदेश के अनुपालन में अजमल अंसारी (पिपरा बाबू अंसारी टोला, कोतवाली), गुड्डू यादव उर्फ अनिल यादव (रामपुर बलडीहा, घुघली) तथा विद्यासागर (मंजूरी, पनियरा) को जनपद महराजगंज की सीमा से जिला बदर कर दिया गया। जबकि श्रवण हरिजन निवासी बेलवा थाना ठूठीबारी को छह माह तक प्रत्येक माह के प्रथम शनिवार को थाना ठूठीबारी में स्वयं उपस्थित होकर हाजिरी लगाने के आदेश से अवगत कराया गया।
पुलिस के मुताबिक इन सभी अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व से विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनके आपराधिक आचरण और जनसुरक्षा पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।


