![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं तथा जनपद के सभी थानों में तैनात महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने संयुक्त रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज सेवा, स्वरोजगार समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और महिला बीट अधिकारियों व महिला आरक्षियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर महिला सुरक्षा, जनजागरूकता, अपराध नियंत्रण और सामाजिक परिवर्तन में अहम भूमिका निभाने वाली महिला पुलिसकर्मियों तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महिलाओं के कार्यों की सराहना की गई।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ‘मिशन शक्ति’ का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और जागरूक बनाना है, ताकि वे समाज के विकास में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें। जबकि पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी गांव-गांव और बीट स्तर तक पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों, हेल्पलाइन सेवाओं और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनकी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य का सम्मान है। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सम्मानित महिलाओं और महिला पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनसे भविष्य में भी इसी निष्ठा और ऊर्जा के साथ समाज, जनपद और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।


