Loading

प्रतीकात्मक तस्वीर
Maharajganj kabhar live 
महराजगंज। जिले के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विशुनपुरा में उस समय हड़कंप मच गया। जब एक दुकान से लिट्टी-चोखा खाने के बाद सात लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में सभी लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज जारी है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों से मिली जानकारी के मुताबिक गांव के लोग धान की रोपाई का कार्य करने के बाद नाश्ते के लिए स्थानीय दुकान से लिट्टी-चोखा लेकर खाए थे। कुछ ही समय बाद कई लोगों को उल्टी, घबराहट और तबीयत खराब होने की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते सात लोगों की हालत बिगड़ने लगी। इससे ग्रामीणों में चिंता और हड़कंप का माहौल बन गया। बीमार होने वालों में सरिता चौहान, अंशिका, आरती, चंद्रावती, मीना, रूपा तथा द्वारिका शामिल हैं। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। स्वास्थ्य कर्मियों की टीम मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। स्वास्थ्य कर्मियों के मुताबिक प्रारंभिक तौर पर मामला फूड प्वाइजनिंग से जुड़ा है। घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।
error: Content is protected !!