Advertisement

महराजगंज में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, पांच थानों के 21 आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई

Loading

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। जिले में अपराध और संगठित गिरोहों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को पांच थानों के पांच गैंग से जुड़े 21 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि ये गिरोह समाज में भय और आतंक का माहौल बनाकर आर्थिक एवं अन्य अवैध लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से संगठित अपराधों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। संगठित अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
बाइक फाइनेंस के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी
फरेंदा थाना क्षेत्र में आठ आरोपियों के गिरोह पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई। गिरोह का सरगना अमित गुप्ता है। जांच में सामने आया कि आरोपी मोटरसाइकिल खरीदने वाले ग्राहकों से पूरा भुगतान लेने के बावजूद उनके नाम पर ऋण स्वीकृत कराकर धनराशि हड़प लेते थे। इस गिरोह में नागेंद्र त्रिपाठी, संदीप कुमार त्रिपाठी, राजेश, आशीष, सविता देवी, राजकुमार साहनी उर्फ राजू और राकेश यादव शामिल हैं।
टेंपो में महिलाओं के जेवर उड़ाने वाला गिरोह भी रडार पर
भिटौली थाना क्षेत्र में निशा देवी के नेतृत्व वाले दो सदस्यीय गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया। पुलिस के अनुसार गिरोह की महिलाएं टेंपो में यात्रियों के बीच बैठकर महिलाओं के चैन, मंगलसूत्र और लॉकेट चोरी करती थीं। गिरोह में प्रिया देवी भी शामिल है।
वाहन चोरी कर नेपाल में बेचने वाले गिरोह पर कार्रवाई
घुघली थाना क्षेत्र में तीन आरोपियों के गिरोह पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई। गिरोह का सरगना राहुल दुषाद है। पुलिस के मुताबिक आरोपी वाहन चोरी कर उन्हें नेपाल में बेचने का संगठित अपराध करते थे। गिरोह में दुर्गेश दुषाद और जितेंद्र कुमार भी शामिल हैं।
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह गैंगस्टर के दायरे में
निचलौल थाना क्षेत्र में पांच सदस्यीय गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया। गिरोह का सरगना राजचंद्र उर्फ अजीत है। पुलिस के अनुसार आरोपी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से धनराशि वसूलते थे तथा फर्जी परीक्षा, फर्जी प्रशिक्षण, कूटरचित दस्तावेज और फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर धोखाधड़ी करते थे। गिरोह में आमोद राठौर, कुलदीप प्रकाश, आराधना कुमारी और मुकेश चौधरी शामिल हैं।
भीड़भाड़ वाले इलाकों की रेकी कर उड़ाते थे वाहन
पनियरा थाना क्षेत्र में तीन सदस्यीय गिरोह के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। गिरोह का सरगना विजय जायसवाल है। पुलिस के अनुसार आरोपी भीड़भाड़ वाले स्थानों की रेकी कर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह में राजबाबू और जलालुद्दीन भी शामिल हैं।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जिले में संगठित अपराध, धोखाधड़ी, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने सभी 21 आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर अग्रिम विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
error: Content is protected !!