![]()

प्रदर्शन करते सपाई
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने की सूचना के बाद मंगलवार को महराजगंज में सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल और जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गिरफ्तारी का विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताते हुए राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई करार दिया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि विपक्ष की आवाज को दबाने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई की जा रही है, जिसे समाजवादी पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी।
पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण विरोध करने का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कहा कि यदि विपक्ष के नेताओं के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने की अपील भी की। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थिति पर नजर बनाए रखी। विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही।


