![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। फरेंदा थाना पुलिस ने गोपलापुर शाह स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं के गले से चेन चोरी करने वाली छह महिला चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो सोने की चेन, पीली धातु के अन्य आभूषण तथा नकदी बरामद हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मंगलवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि सावन के पहले सोमवार को गोपलापुर शाह शिव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान पोखरा भिंडा निवासी सुनैना, पत्नी कृष्णचंद जायसवाल, अपने परिवार के साथ दर्शन कर रही थीं। भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के एक गिरोह ने उनके गले से सोने की चेन चोरी कर ली।
इसी तरह लाजपत नगर वार्ड संख्या-17 निवासी मीरा देवी, पत्नी हीरालाल वर्मा, भी अपने परिवार के साथ मंदिर परिसर में दर्शन के लिए आई थीं। उनके गले से भी चेन चोरी कर ली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मदद से संदिग्ध महिलाओं की पहचान कर घेराबंदी करते हुए सभी छह आरोपियों को गोपलापुर शाह जंगल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी की दोनों सोने की चेन, पीली धातु के अन्य आभूषण और नकदी बरामद की गई। पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं ने अपनी पहचान सुषमा पत्नी छट्ठू प्रसाद निवासी तेंदुआ विशंभरपुर, नेहा पत्नी विशाल निवासी गोपलापुर थाना कैंपियरगंज (गोरखपुर), सरोज पत्नी रमेश निवासी मुंडेरा पांडेय, दीपमाला पत्नी गब्बर निवासी मुंडेरा पांडेय थाना धनघटा (संत कबीर नगर), पुष्पा पत्नी आकाश निवासी गोपलापुर थाना कैंपियरगंज तथा रीना पत्नी उमेश निवासी मनभागलपुर थाना कैंपियरगंज (गोरखपुर) के रूप में बताई।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सावन के दौरान मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

