Loading

प्रदर्शन करते ग्रामीण
रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
झुलनीपुर। निचलौल ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम सभा भेडीहारी स्थित मुसहर बस्ती में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गई हैं। जलभराव से राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों का आवागमन मुश्किल हो गया है। सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए तत्काल मरम्मत और सड़क ऊंची कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि सुनील पुत्र रामहरख के घर से विंध्याचल चौहान के घर तक जाने वाली कच्ची सड़क कई जगह धंस गई है। बारिश का पानी भर जाने से सड़क तालाब जैसी दिखाई दे रही है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे इसी रास्ते से गुजर रहे बुजुर्ग चंद्रिका साहनी बाइक समेत फिसलकर गिर पड़े। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों ने आगे कहा कि कच्ची और धंसी सड़क पर आए दिन बच्चे और बुजुर्ग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। मजबूरी में ग्रामीण जोखिम उठाकर इसी रास्ते से आवागमन कर रहे हैं।
बारिश का पानी भरने से बबीता देवी के घर में भी पानी घुस गया है। इससे जहरीले कीड़े-मकोड़ों के घर में प्रवेश करने और संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि उमेश के घर से भग्गन के घर तक की सड़क भी धंस चुकी है, जिससे वहां भी जलभराव हो गया है। शिकायत के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीण गीता, अनीता, मनोरमा, बबीता, भूटेली, जीतन, उमेश, श्यामदेव, चंद्रिका, सुनील कुमार, राम अवतार और रंजीत यादव ने प्रशासन से तत्काल सड़क पर मिट्टी डालकर उसे ऊंचा कराने तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि लोगों का आवागमन सुचारु हो सके।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी संतोष यादव ने बताया कि बरसात शुरू होने के कारण जलभराव की स्थिति बनी है। गांव में जलनिकासी की समस्या के समाधान के लिए संबंधित सचिव और सफाईकर्मियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
error: Content is protected !!