Advertisement

पुलिस ने शातिर चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

Loading

गिरफ्तार आरोपी के साथ पुलिस टीम

Maharajganj kabhar live 
महराजगंज। कोतवाली पुलिस ने रविवार को चोरी के एक मामले का सफल अनावरण करते हुए अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का गेहूं, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, चाकू, नकदी और एक कार बरामद की है। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि पुलिस टीम ने रविवार को त्रिमुहानी घाट से पहले जंगल महलगंज जाने वाले बांध के मोड़ के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश साहनी पुत्र बिंदल, निवासी वोक्टा वार्ड नंबर-13, थाना सहजनवां (जनपद गोरखपुर), बृजेश साहनी पुत्र तुफानी तथा विशाल साहनी पुत्र पंचम साहनी, दोनों निवासी ग्राम जिंदापुर टोला केवटान, थाना पीपीगंज (जनपद गोरखपुर) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच बोरी चोरी का गेहूं, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक चाकू, नकदी और घटना में प्रयुक्त एक कार बरामद की है।
मुख्य आरोपी पर 28 मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी कमलेश साहनी के विरुद्ध गोरखपुर, बस्ती, संतकबीरनगर और महराजगंज जनपदों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कुल 28 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं बृजेश साहनी के खिलाफ गोरखपुर, बस्ती, महराजगंज और कुशीनगर में चोरी, लूट तथा चोरी के माल की बरामदगी से जुड़े कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। तीसरे आरोपी विशाल साहनी के विरुद्ध वर्तमान प्रकरण में मुकदमा दर्ज किया गया है।
error: Content is protected !!