![]()

रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
झुलनीपुर। सोहगी वन्यजीव प्रभाग के निचलौल वन रेंज क्षेत्र अंतर्गत मिश्रौलिया सिवान में गन्ने के खेत में तेंदुए द्वारा नीलगाय का शिकार किए जाने का मामला सामने आया है। खेत में नीलगाय का केवल कंकाल मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को मिश्रौलिया गांव की महिलाएं गांव से करीब एक किलोमीटर उत्तर स्थित गन्ने के खेत में पशुओं के लिए चारा लेने गई थीं। इसी दौरान उन्हें खेत में नीलगाय का कंकाल दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुए ने नीलगाय का शिकार कर उसका अधिकांश मांस खा लिया, जिससे मौके पर केवल कंकाल ही बचा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम ने मौके का जायजा लिया, जहां नीलगाय का केवल कंकाल मिला है। मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोगों को सतर्क रहने और जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे गन्ने के खेतों की ओर अकेले न जाएं। यदि तेंदुआ दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे छेड़ने का प्रयास न करें। किसी भी जंगली जानवर के दिखने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।


