![]()

विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देते अतिथि
रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
झुलनीपुर। सशस्त्र सीमा बल की ओर से आयोजित टेबल टेनिस प्रतियोगिता शनिवार को सपन्न हो गया। समापन समारोह में कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में लखीमपुर के अलावा 22वीं वाहिनी महराजगंज, 42वीं वाहिनी नानपारा, 43वीं वाहिनी सिद्धार्थनगर तथा 50वीं वाहिनी बलरामपुर के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल और खेल भावना का परिचय दिया।
सिंगल्स वर्ग के फाइनल मुकाबले में लखीमपुर के उप कमांडेंट (इंजीनियर) राजीव प्रसाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। जबकि 42वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट (संचार) शशिकांत कुमार उपविजेता रहे।
डबल्स वर्ग के फाइनल में 50वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट देव और 42वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट (संचार) शशिकांत कुमार की जोड़ी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं 42वीं वाहिनी के उप कमांडेंट दिलीप कुमार और लखीमपुर के उप कमांडेंट (इंजीनियर) राजीव प्रसाद की जोड़ी उपविजेता रही।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खेल भावना, अनुशासन, आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकता को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर एसएसबी के अन्य अधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहे।


