![]()

पौधरोपण करते डीएफओ
Maharajganj kabhar live
महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के तहत निचलौल वन रेंज क्षेत्र के लेदी गांव में शनिवार को ‘वन समृद्धि’ अभियान की शुरुआत की गई। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) निरंजन सुर्वे ने प्रगतिशील किसान मिथिलेश कुमार दुबे की निजी भूमि पर महोगनी का पौधा लगाकर अभियान का शुभारंभ किया।
डीएफओ निरंजन सुर्वे ने बताया कि वन समृद्धि योजना के अंतर्गत किसान की निजी भूमि पर कुल 700 महोगनी के पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य हरित आवरण बढ़ाने के साथ किसानों को दीर्घकालिक आर्थिक लाभ उपलब्ध कराना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील भी की।
इस दौरान निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव, वन दरोगा अशोक सिंह, गोपाल उपाध्याय सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।


