![]()

Maharajganj kabhar live
निचलौल। शहर मदरसा अरबिया अजीजिया मजहरूल उलूम में रविवार को बाल अधिकारों का संरक्षण हर नागरिक का दायित्व विषय पर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बच्चों को शिक्षा, बाल अधिकार, बाल श्रम, साइबर अपराध और अनुशासन के प्रति जागरूक करते हुए शिक्षा को हर बच्चे का मौलिक अधिकार बताया।
संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य राजेश वर्मा ने कहा कि जिस प्रकार प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। उसी प्रकार हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार भी प्राप्त है। रोटी, कपड़ा और मकान की तरह शिक्षा भी जीवन की बुनियादी आवश्यकता है। उन्होंने बच्चों से शिक्षा ग्रहण कर शोषण और वंचना से मुक्त होकर जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मदरसे के छात्र इमरान अली ने देशभक्ति गीत “दिलों जान से प्यारा यह गुलशन हमारा” प्रस्तुत कर की। इसके बाद प्रधानाचार्य अनवार अहमद खां ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उसके बाद मदरसा एसोसिएशन महराजगंज के अध्यक्ष गयासुद्दीन ने कहा कि शिक्षा के बिना व्यक्ति न तो अपने जीवन का समुचित विकास कर सकता है। न ही देश की प्रगति में प्रभावी योगदान दे सकता है। उन्होंने समाज से गरीब एवं अल्पसंख्यक बच्चों की शिक्षा के लिए सहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रेश शास्त्री ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। किसी भी छात्र के साथ शोषण या दमन अस्वीकार्य है। उन्होंने छात्रों से अनुशासित रहकर अपने व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
जबकि श्रवण ने बाल श्रम के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि समाज को विशेष रूप से शोषण और बाल श्रम के शिकार बच्चों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। वहीं निचलौल पुलिस की टीम ने बच्चों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन पिंटू कुमार ने किया। कार्यक्रम के समापन पर मौलाना खालिद ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रबंधक आबिद अली खान, डॉ० अहमद अजीज, फखरेआलम, रेजाजुद्दीन, मोहम्मद रौनक जमीर, तुफैल अहमद, सभासद साबिर, अली, हुसैन सिद्दीकी, तनवीर खान, अंसार हुसैन, मोहम्मद मोइनुद्दीन, मन्नान अहमद, शम्स तबरेज, जियाउर्रहमान, फैजान खान, आफताब आलम आदि मौजूद रहे।


