![]()

Mahrajganj khabar live
निचलौल। सरस्वती देवी महिला महाविद्यालय, टिकुलिया में विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर बुधवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य श्याम बिहारी अग्रवाल ने कहा कि मानवता के सुरक्षित भविष्य के लिए ओजोन परत का संरक्षण बेहद आवश्यक है। ओजोन परत सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी किरणों से पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करती है। इसके संरक्षण के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। रसायन विज्ञान के प्रवक्ता दिनेश साहनी ने विभिन्न उद्योगों और घरों से निकलने वाली हानिकारक गैसों तथा सीएफसी (क्लोरोफ्लोरोकार्बन) से ओजोन परत को होने वाले नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हानिकारक गैसों के उत्सर्जन को कम करना जरूरी है। डॉ. वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जब तक लोगों में पर्यावरण और ओजोन परत के संरक्षण को लेकर जागरूकता नहीं आएगी, तब तक इसके बचाव का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सत्येंद्र गुप्त, डिंपल पटेल, डॉ. आनंद कुमार मिश्रा, रामकेश चौधरी, प्रदीप द्विवेदी, योगेश विश्वकर्मा, मानवेंद्र त्रिपाठी, प्रतिभा पाल, साक्षी त्रिपाठी, अभिषेक तिवारी, वीरेंद्र, अजय सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।


