![]()

निरीक्षण करते डीएम
रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
झुलनीपुर। जिलााधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार शाम निचलौल क्षेत्र के झुलनीपुर में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल स्टेट, दर्जिनिया ताल और नारायणी नदी स्थित टेलफाल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यटन की संभावनाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने झुलनीपुर गांव की सीमा में खाली पड़ी भूमि पर प्रस्तावित इंडस्ट्रियल स्टेट की योजना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक चरण में यहां कम्पोस्ट बायो गैस प्लांट स्थापित करने की योजना है। इससे किसानों की पराली का बेहतर उपयोग होगा और उन्हें अतिरिक्त आय का स्रोत मिलेगा। साथ ही हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि उद्योग स्थापित करने वाले उद्यमियों को शासन की ओर से निर्धारित सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके बाद जिलााधिकारी दर्जिनिया ताल पहुंचे, जहां उन्होंने वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इसके विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के निकट स्थित यह क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है और इसे पिकनिक स्पॉट तथा इको टूरिज्म सेंटर के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे बड़ी संख्या में पर्यटक आकर्षित होंगे और वन विभाग की आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने इसके विकास से संबंधित परियोजनाएं शासन को भेजने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि दर्जिनिया ताल के समीप बहने वाली नारायणी नदी के कारण इस क्षेत्र में गंगा आरती और प्राकृतिक वेटलैंड विकसित करने की भी पर्याप्त संभावनाएं हैं। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नारायणी नदी स्थित टेलफाल पर पर्यटकों की सुविधा के लिए सोलर अथवा रोड लाइट तथा दो कमरों के विश्राम गृह के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिए। इसके लिए ग्राम पंचायत भेड़िहारी के प्रधान दुष्यंत सिंह से प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि बुनियादी सुविधाएं विकसित होने के बाद यह क्षेत्र दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है। इस अवसर पर एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता, निचलौल रेंज के रेंजर सुनील राव, वन दरोगा अशोक सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


