![]()

शिविर में पशुओं की इलाज करती टीम
रिपोर्ट, इजहार अली सिद्दीकी
झुलनीपुर। निचलौल क्षेत्र के सीमावर्ती गांव भेडियारी स्थित पंचायत भवन में बुधवार को एसएसबी की ओर नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 33 पशुपालकों के पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
शिविर का नेतृत्व कर रहे द्वितीय कमांडेंट एवं पशु चिकित्सक चंदन तालुकदार ने बताया कि एसएसबी सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और उनके पशुओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए भी समय-समय पर जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करती है। उन्होंने पशुपालकों को बदलते मौसम में पशुओं की विशेष देखभाल करने, समय पर टीकाकरण कराने तथा साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने आगे कहा कि स्वस्थ पशु ग्रामीणों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार हैं। ऐसे शिविरों का उद्देश्य पशुपालकों को बेहतर पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और उन्हें जागरूक करना है। इस अवसर पर एसएसबी पथलहवा बीओपी के सहायक उप निरीक्षक रिक्की लाल का विशेष योगदान रहा। ग्रामीणों ने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।


