![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी एपीके (APK) फाइल भेजकर लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से साइबर ठगी से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम दीपशिखा वर्मा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम के नेतृत्व में चलाए जा रहे हॉट-स्पॉट अभियान के दौरान बुधवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न बैंकों में अपने और अन्य लोगों के नाम से खाते खुलवाकर ठगी की रकम उनमें मंगाते थे। इसके बाद व्हाट्सएप के माध्यम से आरटीओ चालान, गैस कनेक्शन केवाईसी अपडेट, पीएम किसान योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं के नाम पर फर्जी एपीके फाइल भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति फाइल डाउनलोड करता था, उसके मोबाइल और बैंकिंग संबंधी जानकारी आरोपियों के नियंत्रण में पहुंच जाती थी। इसके बाद वे पीड़ितों के बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे।
जांच के दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी बलराम राजभर से 4.40 लाख रुपये की साइबर ठगी का भी खुलासा किया। आरोपियों ने गैस कनेक्शन केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर उन्हें फर्जी एपीके फाइल भेजी थी। फाइल डाउनलोड करने के बाद पीड़ित के बैंक खाते से 4 लाख 40 हजार रुपये आरोपियों के खातों में ट्रांसफर कर लिए गए। बाद में एईपीएस और एटीएम के माध्यम से पूरी रकम निकाल ली गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के लेन-देन और संदिग्ध मोबाइल लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निकेश पुत्र नरेंद्र निवासी बैदौली टोला छोटकी बारी और मिथुन पुत्र छोटेलाल निवासी बैदौली टोला बनरहिया, थाना निचलौल के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


