![]()

Maharajganj kabhar live
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के पोखरा टोला स्थित वार्ड नंबर-25 मीराबाई नगर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से तीनों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।

पुलिस के अनुसार पोखरा टोला निवासी राजबीर यादव (13), नीतीश यादव (14), रोहन (13) और कृष्णा रौनियार (15) रविवार को निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए थे। नहाने के दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। यह देख राजबीर घबरा गया और दौड़कर घर पहुंचा। उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन जब तक तीनों लापता हो चुके थे। उसके बाद गोताखोरों की सहायता से काफी देर तक चले तलाश अभियान के बाद तीनों किशोरों को पोखरे से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
कोठीभार थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

